मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। बाबा काल भैरव, जिन्हें काशी का कोतवाल कहा जाता है, उनके दरबार में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की। काल भैरव मंदिर में दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा।
यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर पूजा अर्चना की। दर्शन के दौरान पूरा मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा।मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभूतपूर्व इंतज़ाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूजा अर्चना के बाद मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का भी जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि काशी अब आध्यात्मिकता के साथ-साथ विकास का प्रतीक बन चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी का कायाकल्प हुआ है और आने वाले समय में यह नगरी और भी भव्य व दिव्य रूप में नजर आएगी। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत जयकारों और फूलों की वर्षा के साथ किया।


