वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर आयुर्वेदिक अस्पताल के सामने बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक तेज़ रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में 18 वर्षीय अनुराग यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश यादव और अंकित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।तीनों युवक रामपुर चंद्रावती गांव के रहने वाले थे और रोज़ की तरह किसी काम से वाराणसी की ओर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और वाराणसी–गोरखपुर हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवज़ा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन करीब तीन घंटे तक जाम जारी रहा।
पुलिस ने बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।एसीपी सारनाथ विदु सक्सेना ने बताया कि डंपर को ट्रेस कर लिया गया है, और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों को शासन के निर्देशानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।गांव में शोक और ग़ुस्से का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक अनुराग मेहनती और होनहार था — हाल ही में उसका चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ था, लेकिन हादसे ने उसके सपनों को चकनाचूर कर दिया।

