वाराणसी के फुलवरिया फोरलेन स्थित लहरतारा फ्लाईओवर पर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर के दौरान उनकी चपेट में आकर बाइक सवार युवक फ्लाईओवर से करीब 20 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी भी घायल होकर बेहोश हो गई।
मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के चिरैया मोड़ निवासी 30 वर्षीय अजय गुप्ता अपनी पत्नी नीति के साथ मंडुवाडीह की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे लहरतारा चौकी के पास फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही स्कॉर्पियो और लहरतारा से फुलवरिया की ओर जा रहे एक अन्य चार पहिया वाहन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और अजय गुप्ता उछलकर ओवरब्रिज के नीचे पुलिस चौकी के पीछे जा गिरे, जबकि उनकी पत्नी फ्लाईओवर पर ही बेहोश हो गईं।
![]() |
| Advertisement |
सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपती को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने अजय गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। लहरतारा चौकी प्रभारी राहुल सिंह ने घटना की पुष्टि की है।


