जलियांवाला बाग के महानायक शहीद उधम सिंह की 126वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय शहीद उधम सिंह स्मारक समिति एवं स्वतंत्रता संग्राम सैनिक समाज कल्याण के संयुक्त तत्वावधान में रामापुरा स्थित शहीद उधम सिंह पार्क में भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।समारोह के दौरान शहीद उधम सिंह को केक काटकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पीएसी बैंड एवं पुलिस लाइन की गारद द्वारा 32 फायर की राष्ट्रीय सहज सलामी दी गई, जो काशी के लिए गौरव का विषय रहा। पुलिस जवानों द्वारा हर्ष सलामी दी गई, वहीं संस्था की ओर से जवानों पर पुष्पवर्षा कर प्रत्येक जवान की आरती उतारी गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय गान के साथ वेद पाठ, कुरान पाठ, बाइबल एवं गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ भी किया गया।
संस्था के चेयरमैन उदय नारायण सिंह एवं रोपवे एमडी कंस्ट्रक्शन सुब्बाराव ने शहीद उधम सिंह के छायाचित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा निवेदित की। साथ ही वीर बाल दिवस के अवसर पर श्री गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों के बलिदान को नमन करते हुए शहीदी जयकारे लगाए गए।समारोह में यह भी घोषणा की गई कि शहीद उधम सिंह सद्गुरु बाल मुकुन्द सिंह (दादाजी) की कांस्य आदमकद प्रतिमा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं संस्कृति पर्यटन निदेशालय के सहयोग से रोपवे टर्मिनल स्टेशन के संचालन के बाद शहीद उधम सिंह पार्क में स्थापित की जाएगी।
इसके साथ ही गिरजाघर रोपवे टर्मिनल का नाम “शहीद उधम सिंह टर्मिनल” रखने की घोषणा भी की गई।इस अवसर पर समिति की ओर से रोपवे के सफल संचालन एवं उद्घाटन पर काशीवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में बच्चों को मिठाई एवं टॉफी भी वितरित की गई।


