वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को देशभर के 20 होनहार बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में ये पुरस्कार प्रदान किए। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, साहस और समाज सेवा के लिए चुने गए ये बच्चे देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं।सम्मानित होने वालों में 14 वर्षीय उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं। दिल्ली में आयोजित इस समारोह में शामिल होने के कारण वैभव विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेल सके।
इस वर्ष कुल 20 बच्चों को पुरस्कार दिया गया, जिनमें से दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मान मिला। तमिलनाडु की ब्योमा और बिहार के कमलेश कुमार को दिए गए पुरस्कार उनके माता-पिता ने प्राप्त किए। समारोह में बच्चों की उपलब्धियों और साहस को विशेष रूप से सराहा गया।इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पुरस्कार विजेता बच्चों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जेन जी और जेन अल्फा ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनके आत्मविश्वास, नवाचार और साहस की प्रशंसा की।
गौरतलब है कि वीर बाल दिवस सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के चार पुत्रों—अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह—की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। इन्हें साहिबजादे के नाम से जाना जाता है। 26 दिसंबर 1705 को मुगल सेना ने चारों साहिबजादों की हत्या कर दी थी।साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। तभी से हर वर्ष इस दिन देशभर में साहस, त्याग और प्रेरणा का संदेश देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

.jpeg)
