भागवत कथा के दौरान झांसी में हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां दो महिला चोरों ने मात्र 10 सेकेंड में रिटायर्ड दरोगा की पत्नी की करीब 4.5 लाख रुपये की सोने की चेन दांतों से काटकर चोरी कर ली। यह घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी कॉलोनी में हुई थी, जिसका वीडियो अब सामने आया है।जानकारी के अनुसार अयोध्यापुरी कॉलोनी में भागवत कथा का आयोजन किया गया था। कथा के दौरान कृष्ण जन्म प्रसंग के समय मंच से फल-फूल और खिलौने लुटाए जा रहे थे। इन्हें लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं मंच के पास पहुंच गईं, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर दो महिला चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
अयोध्यापुरी कॉलोनी निवासी दयाशंकर व्यास ने बताया कि वे रिटायर्ड दरोगा हैं और उनकी पत्नी ज्ञान देवी सत्संग सुंदरकांड समिति की सदस्य हैं। 14 जनवरी को उनकी पत्नी बहू और बच्चों के साथ कथा में शामिल हुई थीं। इसी दौरान भाजपा विधायक रवि शर्मा और उनकी पत्नी उन्हें सम्मानित करने वाले थे।दयाशंकर व्यास के अनुसार धक्का-मुक्की के बीच एक महिला चोर ने उनकी पत्नी के कंधे पर हाथ रखा, जबकि दूसरी महिला ने गर्दन के पास मुंह सटाकर दांतों से सोने की चेन काट ली। चेन करीब 35 ग्राम वजनी थी, जिसकी कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों महिला चोर चेन लेकर मौके से फरार हो गईं।
उन्होंने बताया कि घटना के दिन कथा स्थल पर पुलिस व्यवस्था मौजूद नहीं थी। विधायक द्वारा नाराजगी जताने के बाद मौके पर पुलिस तैनात की गई। उस दिन कथा के दौरान कुल चार महिलाओं की चेन चोरी होने की बात भी सामने आई है।पीड़ित परिवार ने सीपरी बाजार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सामने आए CCTV फुटेज में दोनों महिला चोर साफ नजर आ रही हैं, हालांकि पुलिस अब तक उनकी पहचान नहीं कर पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

.jpeg)
