IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने घरेलू मुकाबले बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेलेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन के लिए नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम को अपना होम वेन्यू बनाने की योजना तैयार की है।रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा प्लान के तहत RCB नवी मुंबई में 5 और रायपुर में 2 घरेलू मुकाबले खेल सकती है। हालांकि इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने इन दोनों स्टेडियमों को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
दरअसल, 4 जून को बेंगलुरु में IPL 2025 का खिताब जीतने के बाद RCB द्वारा चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित विक्ट्री सेलिब्रेशन के दौरान भगदड़ मच गई थी। खराब प्लानिंग और भीड़ नियंत्रण में चूक के कारण हुए इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में बड़े आयोजनों को लेकर सख्त रुख अपना लिया।इसी कारण BCCI को भी विजय हजारे ट्रॉफी और महिला विश्व कप के कुछ मैच बेंगलुरु से बाहर शिफ्ट करने पड़े थे। बताया जा रहा है कि RCB ने अब तक कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) से IPL 2026 के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच कराने को लेकर कोई औपचारिक संपर्क नहीं किया है।
वहीं, दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स भी अपने घरेलू मैचों को लेकर असमंजस में है। टीम का होम ग्राउंड जयपुर है, लेकिन इस सीजन राजस्थान रॉयल्स अपने घरेलू मुकाबले पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम में खेल सकती है। जानकारी के अनुसार, फ्रेंचाइजी ने जयपुर स्टेडियम का एक प्राइवेट कंपनी से सर्वे कराया था, जिसमें स्टेडियम की स्थिति को नाजुक बताया गया है। रिपोर्ट में स्टेडियम के रिनोवेशन की जरूरत पर भी जोर दिया गया है।IPL 2026 से पहले इन बड़े फैसलों को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को ध्यान में रखते हुए फ्रेंचाइजियां इस बार होम वेन्यू को लेकर बेहद सतर्क रवैया अपना रही हैं।

.jpeg)
