बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के खेलकूद स्टेडियम में 18वीं अखिल भारतीय रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता (पुरुष/महिला) 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, बरेका एवं अध्यक्ष, बरेका खेल संघ श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव ने शांति, एकता और खेल भावना के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा अपने संबोधन में खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, बनारस रेल इंजन कारखाना, पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेलवे पुलिस बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड एवं पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स की टीमें भाग ले रही हैं, जबकि महिला वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे एवं पश्चिम रेलवे की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 18 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर की रेलवे टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।उद्घाटन मुकाबले में बरेका की पुरुष टीम ने दक्षिण मध्य रेलवे को 19-13 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की, वहीं महिला वर्ग के पहले मैच में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उत्तर रेलवे को 24-16 से हराकर विजय हासिल की। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे स्टेडियम का माहौल रोमांचक बनाए रखा। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं महासचिव बरेका खेल संघ सुनील कुमार, क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी व खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
