बनारस रेल इंजन कारखाना के महाप्रबंधक बने आशुतोष पंत

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब आशुतोष पंत ने 18 फरवरी 2026 को महाप्रबंधक (जीएम) के रूप में पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे उत्तर रेलवे में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।23 मार्च 1968 को उत्तराखंड के खटीमा में जन्मे श्री पंत मूलतः हल्द्वानी के निवासी हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा निर्मला कॉन्वेंट, हल्द्वानी तथा बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल से इंटरमीडिएट तक प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 1988 में बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान, पिलानी से विद्युत इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि हासिल की।

श्री पंत भारतीय रेलवे विद्युत इंजीनियरिंग सेवा (IRSEE) के वर्ष 1989 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं। उन्होंने वर्ष 1991 में भारतीय रेल सेवा में प्रवेश किया और उनकी पहली नियुक्ति प्रयागराज में सहायक विद्युत इंजीनियर (रेल विद्युतीकरण) के रूप में हुई। अपने दीर्घ सेवाकाल में उन्होंने मुख्य विद्युत सामान्य इंजीनियर (CEGE), उत्तर रेलवे, उप महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर (पूर्वोत्तर रेलवे) तथा जोधपुर मंडल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सफलतापूर्वक दायित्व निभाए।उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2016 में भारत सरकार के रेल मंत्री द्वारा राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।आशुतोष पंत के व्यापक अनुभव, तकनीकी दक्षता और दूरदर्शी नेतृत्व से बरेका उत्पादन, गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा भारतीय रेल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post