वाराणसी के UPSC छात्र के खाते से 25 करोड़ का साइबर फ्रॉड, पैन कार्ड का दुरुपयोग कर निकाला गया निगेटिव लियन

वाराणसी के एक UPSC छात्र के बैंक खाते से 25 करोड़ रुपये का साइबर फ्रॉड सामने आया है। ठगों ने छात्र के पैन कार्ड का दुरुपयोग करते हुए उसके ICICI बैंक के सेविंग अकाउंट को कथित रूप से करंट अकाउंट में बदल दिया और एक फर्जी फर्म के नाम पर 25 करोड़ रुपये का निगेटिव लियन (लोन) निकाल लिया। मामले की जानकारी तब हुई जब छात्र का ऑनलाइन पेमेंट फेल हो गया।पीड़ित छात्र अनुराग मिश्रा वर्तमान में लखनऊ में रहकर UPSC की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी 2026 को वे नई दिल्ली के करोल बाग स्थित एक लाइब्रेरी में 3500 रुपये का गूगल पे से भुगतान कर रहे थे, लेकिन पेमेंट बार-बार असफल हो रहा था। इसके बाद उन्होंने मोबाइल बैंकिंग के जरिए अपना खाता चेक किया, तो खाते में 25,59,15,000 रुपये का निगेटिव लियन दर्ज दिखा।अनुराग ने तुरंत ICICI बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया। वहां से उन्हें नजदीकी शाखा में जाने की सलाह दी गई। 19 जनवरी को वे लखनऊ के हजरतगंज स्थित ICICI बैंक शाखा पहुंचे, जहां से उन्हें जीएसटी कार्यालय भेजा गया।

जीएसटी अधिकारियों से बातचीत में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर अनुराग के पैन कार्ड का उपयोग किया और वाराणसी की ICICI बैंक शाखा में एक करंट अकाउंट खोल लिया। इसके बाद ‘उत्तरा इंटरप्राइजेज’ नामक एक फर्जी कंपनी के नाम पर 25 करोड़ रुपये का निगेटिव लियन लिया गया। यह कंपनी सारनाथ रोड, बी-54/4 अशोक विहार कॉलोनी के पते पर पंजीकृत बताई गई है।जानकारी के अनुसार, राज्य जीएसटी विभाग में एक शिकायत के बाद खाते पर निगेटिव लियन दर्ज किया गया था। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी होने के बाद अनुराग ने अपने परिजनों को सूचित किया। 13 फरवरी को उनके पिता कमलेश कुमार ने वाराणसी के साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।कमलेश कुमार का कहना है कि उनके बेटे ने न तो कोई कंपनी खोली है और न ही करंट अकाउंट के लिए कोई आवेदन किया है। उनके अनुसार, बेटे के खाते और पहचान दस्तावेजों का दुरुपयोग कर बड़े स्तर पर वित्तीय धोखाधड़ी की गई है।साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंकिंग और जीएसटी विभाग के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पैन कार्ड के दुरुपयोग और फर्जी कंपनी के जरिए लोन लेने की बात सामने आई है।इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था और केवाईसी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post