महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दारानगर स्थित मृत्युंजय महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में लंबी कतारें लग गईं। लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा मृत्युंजय के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने प्रभु को प्रिय मदार की माला, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल और मिष्ठान अर्पित कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। कई भक्त गंगाजल एवं दूध लेकर पहुंचे और श्रद्धाभाव से शिवलिंग पर अर्पित किया। मान्यता है कि बाबा मृत्युंजय के दर्शन और पूजन से रोग-शोक तथा संकटों का नाश होता है, इसलिए दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।मंदिर प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों की ओर से दर्शन-पूजन की सुचारु व्यवस्था की गई थी। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और शिव स्तुति का वातावरण बना रहा।

