मैदागिन चौराहा पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी “14 फरवरी की शाम पुलवामा बलिदानियों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजनकर्ता हिन्दू युवा वाहिनी के अध्यक्ष शिवांशु यदुवंश ने बताया कि प्रतिवर्ष सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक एकत्र होकर पुलवामा के वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर और मौन रखकर शहीदों को नमन किया।
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने आरडीएक्स से भरी गाड़ी को जवानों की बस से टकराकर आत्मघाती हमला किया था, जिसमें ड्यूटी पर जा रहे 44 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 95 बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट श्री रंजन सिंह ने वीर जवानों के साहस और त्याग को याद करते हुए उनके गौरवपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि विभोर सिंह ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शुभम चौरसिया, संतोष गुप्ता, हर्ष शर्मा, शिवम उपाध्याय सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता दर्ज कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

