हरियाणा पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में 4 गिरफ्तार

हरियाणा के झज्जर स्थित बहादुरगढ़ एसटीएफ यूनिट ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के संबंध गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं और वारदात को रंगदारी वसूली के उद्देश्य से अंजाम दिया गया था।गिरफ्तार चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इनमें तीन आगरा और एक नोएडा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लॉरेंस गैंग के निर्देश पर फिल्मी हस्तियों को डराने के लिए उनके घरों के बाहर फायरिंग करते थे, ताकि रंगदारी की मांग को मजबूती दी जा सके।इससे पहले 5 फरवरी को मुंबई पुलिस ने इस मामले में आसाराम फसाले नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वह पिछले चार वर्षों से गैरेज मैकेनिक के रूप में काम कर रहा था और गैंग से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि वह गैंग के मास्टरमाइंड शुभम लोंकर के निर्देश पर हथियारों की सप्लाई करता था।

सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, एमपीए की धारा 37(1), 37(2) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी।यह घटना 31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कम से कम पांच राउंड फायरिंग की गई थी। एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से टकराई थी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित स्क्रीनशॉट वायरल हुआ था, जिसमें इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के नाम से ली गई थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।फिलहाल संयुक्त टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post