IIT कानपुर में जूनियर टेक्नीशियन युवती ने लगाई फांसी, मंगेतर से विवाद के बाद उठाया कदम

IIT कानपुर में शनिवार को 26 वर्षीय जूनियर टेक्नीशियन युवती का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वेलेंटाइन डे की सुबह युवती की अपने मंगेतर से फोन पर बातचीत के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी।मृतका की पहचान अंजू कुमारी (26) पुत्री राजनंदन रविदास, निवासी जादूगोड़ा, झारखंड के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से IIT कानपुर में जूनियर टेक्नीशियन पद पर कार्यरत थीं।पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह अंजू अपने मंगेतर पंकज से फोन पर बात कर रही थी। पंकज उड़ीसा के पावर हाउस में तैनात बताया जा रहा है। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मंगेतर ने उन्हें डांट दिया, जिस पर अंजू ने कहा कि वह फांसी लगाकर जान दे देगी और कॉल काट दिया।इसके बाद पंकज ने IIT कैंपस में रहने वाले अपने दोस्त सूरज को फोन कर जानकारी दी। सूरज व्यस्त होने के कारण उसने अपने भाई सुरेश को अंजू के कमरे पर भेजा। 

सुरेश जब कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और कॉल करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसकी सूचना वॉर्डन को दी गई।वॉर्डन और सुरेश ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही दरवाजा तोड़ा। अंदर अंजू का शव पंखे से फंदे पर लटकता मिला। उसे तत्काल IIT कैंपस के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर कल्याणपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह ने बताया कि कमरे से करीब 350 पन्नों की एक डायरी बरामद हुई है। डायरी में युवती ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बातें लिखी हैं। अंतिम पन्ने में मंगेतर से हुई बहस का जिक्र भी मिला है। पुलिस ने डायरी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जांच में यह भी सामने आया है कि करीब एक वर्ष पहले युवती के भाई ने भी आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से तनाव में थी। हालांकि परिजनों का कहना है कि उसने कभी किसी परेशानी की जानकारी नहीं दी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। झारखंड से परिजनों के कानपुर पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post