वृंदावन में राधावल्लभ मंदिर मार्ग पर गोस्वामी और श्रद्धालु में मारपीट, बेंत से हमले में श्रद्धालु घायल

धार्मिक नगरी वृंदावन में शनिवार को राधावल्लभ मंदिर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बांके बिहारी मंदिर से जुड़े एक गोस्वामी और श्रद्धालु के बीच विवाद हिंसक हो गया। मारपीट के दौरान बुजुर्ग गोस्वामी ने श्रद्धालु के सिर पर बेंत से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।जानकारी के अनुसार, बांके बिहारी मंदिर के शयन भोग पुजारी मनोज गोस्वामी किसी काम से जुगल घाट की ओर जा रहे थे। उसी समय गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) से आए श्रद्धालु कुशलेंद्र यादव अपनी पत्नी के साथ बांके बिहारी के दर्शन कर राधावल्लभ मंदिर की ओर जा रहे थे।बताया जा रहा है कि राधावल्लभ मंदिर की सीढ़ियों के पास रास्ते से निकलने को लेकर गोस्वामी का एक युवक से विवाद हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे श्रद्धालु कुशलेंद्र ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि इस पर गोस्वामी युवक को छोड़कर कुशलेंद्र से ही उलझ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर गोस्वामी मनोज ने श्रद्धालु पर बेंत से हमला कर दिया। एक बेंत सीधे श्रद्धालु के सिर में लगी, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। घायल श्रद्धालु की पत्नी मौके पर चीखने लगी और उसे संभालने का प्रयास करने लगी। आरोप है कि सिर में चोट लगने के बाद भी गोस्वामी ने बेंत से प्रहार किया।घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। झगड़े की सूचना मिलते ही मंदिर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी गोस्वामी को पकड़ लिया। बाद में उन्हें बांके बिहारी पुलिस चौकी ले जाया गया।पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घायल श्रद्धालु का उपचार कराया गया है। घटना के बाद मंदिर क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post