राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वाराणसी में सोमवार 16 फरवरी 2026 को विद्यालय का “वार्षिकोत्सव सह खेलकूद दिवस” हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमित कुमार श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी इंटेलिजेंस वाराणसी विनोद कुमार पाण्डेय रहे।
अति विशिष्ट अतिथियों में प्रोफेसर पी.के. मिश्रा (आईआईटी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय), प्रोफेसर कनक शर्मा (केंद्रीय विश्वविद्यालय, राजस्थान) तथा काशी पत्रकार संघ वाराणसी के अध्यक्ष अरुण मिश्रा शामिल रहे। विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रपति सम्मानित डॉ. रामानंद दीक्षित ‘सरल’ भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सुश्री नेहा सिंह के निर्देशन में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी सभी अतिथियों ने सराहना की। सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में प्रोफेसर पी.के. मिश्रा ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रोफेसर कनक शर्मा ने सत्र 2025-26 से बालिकाओं के प्रवेश के निर्णय को स्त्री-शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए छात्राओं को निर्भय होकर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने छात्रों से आत्मविश्वास और ईमानदारी के साथ परिश्रम करने का संदेश दिया।मुख्य अतिथि विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि छात्र जीवन अनुशासित जीवन की नींव है और इसी से एक अच्छे समाज का निर्माण होता है। उन्होंने छात्रों को परिश्रम और सद्विचारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंतर्गत खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुर्सी दौड़, रस्साकशी, वॉलीबॉल और कबड्डी जैसे खेल शामिल रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन वरिष्ठ शिक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा किया गया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


.jpeg)