विद्युत राजस्व वसूली के दौरान विभागीय टीम पर हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगरीय विद्युत वितरण उपखण्ड प्रथम के उपखण्ड अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को “बिजली बिल राहत योजना 2025-2026” के अंतर्गत उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विद्युत चोरी से जुड़े बकाया जुर्माने की वसूली के लिए विभागीय टीम क्षेत्र में गई थी। सुबह लगभग 11:45 बजे टीम हल्ला खेड़ी, छोटी पियरी क्षेत्र में पहुंची, जहां उपभोक्ता पर विद्युत चोरी के मामले में ₹1,03,204 का जुर्माना बकाया था।
आरोप है कि टीम द्वारा नियमानुसार बकाया जमा करने का अनुरोध करने पर उपभोक्ता के भाई आशीष कसैरा ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने जुर्माने से संबंधित सूची फाड़ दी और हाथ में पहनी नुकीली लोहे की वस्तु से हमला कर दिया। इस हमले में विभागीय श्रमिक जितेंद्र सिंह की आंख के नीचे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।घटना के दौरान टीम द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। स्थिति बिगड़ने पर डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और टीम को सुरक्षित निकालकर चौकी छोटी पियरी लाई।मामले में थाना चौक में तहरीर दी जा रही है। घायल कर्मचारी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद टीम के सदस्यों में भय का माहौल है और उन्होंने अपने कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।शिकायतकर्ता ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि विभागीय कर्मचारी निर्भय होकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर सकें।

