आजमगढ़ से 2027 का बिगुल: ओम प्रकाश राजभर की समरसता महारैली में सपा पर सीधा हमला

उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल गर्म होने लगा है। पश्चिमी यूपी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चुनावी संदेश दिए जाने के बाद अब पूर्वांचल में एनडीए की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भी चुनावी बिगुल फूंक दिया है।आजमगढ़ के अतरौलिया में आयोजित समरसता महारैली में सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शक्ति प्रदर्शन किया। रैली में विभिन्न वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। खास तौर पर ब्राह्मण समाज के लिए अलग मंच की व्यवस्था की गई थी, जहां से शंखनाद कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

मंत्री राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि महारैली में ब्राह्मण समाज की भारी उपस्थिति इस बात का संकेत है कि वे समाजवादी पार्टी को हराने के लिए एकजुट हैं। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ को सपा का गढ़ बताने वालों की राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलेगी।राजभर ने मंच से बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत हुई है और इस विषय पर सकारात्मक सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि 2027 में एनडीए की सरकार दोबारा बनेगी और योगी आदित्यनाथ तीसरी बार मुख्यमंत्री पद संभालेंगे।अपने संबोधन में राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल अब सत्ता में वापसी के सपने देखना छोड़ दें, क्योंकि जनता विकास और स्थिरता के साथ है।रैली के जरिए सुभासपा ने पूर्वांचल में अपनी ताकत दिखाने के साथ ही आगामी चुनाव के लिए सियासी संदेश भी दे दिया है।



Post a Comment

Previous Post Next Post