दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान हुए हंगामे को लेकर सियासत तेज हो गई है। बिहार से कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोला है।उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी द्वारा जनरल नरवाने की किताब का जो हवाला दिया गया, उसे गलत ठहराया गया, जबकि हकीकत यह है कि कई जवान शहीद हुए और सवाल उठाने वालों को ही देशद्रोही बताया जा रहा है।
सांसद मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि “एक तरफ देश के सैनिक शहीद हो रहे थे और दूसरी ओर 24 घंटे बाद देश के प्रधानमंत्री कहते हैं कि तुम्हारी जो मर्जी है वो करो। इसके बावजूद देशद्रोह का तमगा कांग्रेस पर लगाया जा रहा है।”उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को सनातनी बताते हैं, उनके साथ भी सख्ती की जा रही है। “बटुकों के बाल खींचे जा रहे हैं, लाठियां चलाई जा रही हैं। कम से कम उन्हें तो बख्श देना चाहिए था,” उन्होंने कहा।UGC के नए कानून को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार को न तो कानून लागू करने की मंशा है और न ही उसे हटाने की, बल्कि जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि UGC का नया कानून सही तरीके से लागू नहीं हुआ, तो पहले जैसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।

