वाराणसी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संविधान संवाद रैली में सरकार पर हमला

वाराणसी में रविवार को आयोजित संविधान संवाद रैली में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए। रैली में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच से काशी, गंगा, विकास और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले कई महीनों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जो संकट के बादल मंडरा रहे हैं, वह काशी और मणिकर्णिका घाट की देन हैं। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि मां गंगा के आंचल में लाशें बहती रहीं, गंगा रोती रही, लेकिन प्रधानमंत्री को यह सब नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि जिसने काशी और मां गंगा को धोखा दिया, वह आम जनता की चिंता क्या करेगा।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री काशी में मूर्तियां तुड़वाते हैं, तो खून खौल उठता है। उन्होंने काशी को एक जीवंत सभ्यता बताते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों के दौरान जब नरेंद्र मोदी राउंड-दर-राउंड पीछे चल रहे थे, तब उन्हें सुखद अनुभूति हुई। इसके लिए उन्होंने काशी की जनता का धन्यवाद किया।सांसद इमरान मसूद ने संसद सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिस प्रधानमंत्री की जान संसद के अंदर सुरक्षित नहीं है, उसे नैतिकता के आधार पर सबसे पहले इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रधानमंत्री स्वयं सुरक्षित नहीं हैं, तो देश कैसे सुरक्षित रह सकता है।रैली में सांसद किशोरी लाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सहित पार्टी के 20 से अधिक वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक-दूसरे का हाथ थामकर पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।रैली के दौरान करीब 15 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें बनारस के विकास कार्यों पर सवाल उठाए गए। विकास के नाम पर सनातन विरासत और परंपराओं से खिलवाड़ का आरोप लगाया गया। डॉक्यूमेंट्री में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के प्रयागराज में कथित अपमान और काशी से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को भी शामिल किया गया।इसके अलावा, शास्त्री घाट पर रैली निकाली गई, जिसमें पूर्वांचल के कई जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए।रैली से पहले वरुणा नदी में पूजन किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सुप्रिया श्रीनेत और पूर्व सांसद अविना पांडे मौजूद रहीं।



Post a Comment

Previous Post Next Post