महाशिवरात्रि से पहले अलर्ट मोड में काशी: पुलिस टीम ने किया सघन निरीक्षण

महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा के साथ सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गिरजाघर चौराहा से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर धाम तथा चौक-मैदागिन चौराहा तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की। इस दौरान डॉग स्क्वाड एवं बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय रूप से तैनात रहा और संदिग्ध वस्तुओं की सघन जांच की गई।पुलिस कमिश्नर ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा खुफिया तंत्र को सक्रिय रखते हुए हर गतिविधि पर नजर रखी जाए।निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना गया तथा उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सहयोग करें।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी नगरी को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय वातावरण प्रदान करने हेतु पुलिस प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post