वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग की छात्रा खुशी मिश्रा ने इंटरनेशनल साइबर क्राइम कॉन्फ्रेंस 2026 के अंतर्गत आयोजित सीटीए रील चैलेंज प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।यह प्रतियोगिता Cyber Techno Attorneys और शिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का हिस्सा थी। सम्मेलन में देश भर से 80 से अधिक रील प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। कांफ्रेंस के आयोजक एवं साइबर विशेषज्ञ मोहम्मद हसन जैदी ने पुरस्कार की घोषणा की।
सम्मेलन के दौरान साइबर अपराध, डिजिटल गोपनीयता, ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर कानून और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़ी नई चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने व्यापक विचार-विमर्श किया।इसी कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के सहायक आचार्य एवं साइबर क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर को विशेष व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने “सामाजिक माध्यमों पर साइबर अपराध के उभरते रुझान: कारण, प्रभाव और रोकथाम के उपाय” विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया।विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने खुशी मिश्रा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंनेकहा कि छात्र-छात्राओं को इसी प्रकार सृजनात्मक और समाजोपयोगी कार्य करते हुए विश्वविद्यालय का मान बढ़ाना चाहिए।जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मनोज मिश्रा सहित डॉ. सुनील कुमार, डॉ. चंदन सिंह, डॉ. अमित मिश्र, आनंद सिंह और पंकज सिंह ने भी खुशी मिश्रा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

.jpeg)