वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में शुक्रवार को प्रथम पूज्य श्री गणेश जी के विधि-विधान से पूजन के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया। महाशिवरात्रि की तैयारियों से पूर्व विघ्नविनाशक श्री गणेश जी से अनुमति एवं आशीर्वाद प्राप्त करने हेतु विशेष पूजन-अर्चन किया गया।श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास का प्रतिनिधित्व करते हुए मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धाम में विराजमान प्रथम पूज्य गौरीनंदन
श्री गणेश जी की विधिवत पूजा की। इस अवसर पर श्री गणेश जी को वस्त्र, पुष्प, दुर्वा, माला, नैवेद्य एवं भोग अर्पित किया गया तथा भावपूर्ण स्तुति एवं आरती संपन्न हुई।श्री गणेश पूजन के उपरांत श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव का शास्त्रीय रूप से शुभारंभ हो गया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार शनिवार से धाम में स्थित सभी प्रधान विग्रहों का रुद्राभिषेक कर उन्हें जागृत किया जाएगा और विधिवत आराधना की जाएगी। इसके साथ ही समस्त देवताओं का आह्वान कर उन्हें महोत्सव में सहभागी बनने एवं श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करने हेतु आमंत्रित किया जाएगा।मंदिर न्यास द्वारा प्रतिदिन होने वाले शास्त्रीय आयोजनों की जानकारी श्रद्धालुओं के लिए दैनिक रूप से जारी की जाएगी।

.jpeg)
