गंगा में तुलसी घाट के सामने सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक तेज रफ्तार मोटरबोट और चप्पू वाली नाव के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे नाव पर सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंगा में गिर पड़े। हालांकि स्थानीय नाविकों की सतर्कता से सभी की जान बचा ली गई।जानकारी के अनुसार हैदराबाद से काशी दर्शन के लिए आया परिवार अस्सी घाट से नाव बुक कर गंगा स्नान के लिए रविदास घाट के सामने रेती की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार मोटरबोट ने उनकी नाव को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटी नाव असंतुलित होकर डूब गई और सभी सवार पानी में जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आसपास मौजूद अन्य नाविकों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और पीएसी की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा मोटरबोट चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने गंगा में तेज रफ्तार मोटरबोटों पर नियंत्रण की मांग करते हुए सख्त नियम लागू करने की आवश्यकता बताई है।फिलहाल सभी लोग सुरक्षित हैं, जबकि डूबी हुई नाव को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।

.jpeg)