वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को गवाही बदलने के लिए धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पॉक्सो एक्ट के एक पुराने मामले में अभियुक्त और उसके साथियों ने छात्रा पर बयान बदलने का दबाव बनाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पीड़ित छात्रा के पिता के अनुसार उनकी 16 वर्षीय बेटी कक्षा 11 की छात्रा है। आरोप है कि परानापुर निवासी युवक अपने 4–5 साथियों के साथ स्कूल आते-जाते समय छात्रा का पीछा करता है। इस दौरान वह अश्लील इशारे करता है और अभद्र भाषा का प्रयोग कर उसे लगातार परेशान कर रहा है।
बताया गया कि अभियुक्त के खिलाफ वर्ष 2022 से पॉक्सो एक्ट (मुकदमा अपराध संख्या 148/2022) के तहत मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अब अभियुक्त छात्रा और उसके पिता पर बयान बदलने का दबाव बना रहा है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अभियुक्त अवैध असलहे के साथ छात्रा को रोककर धमकी देता है कि यदि बयान नहीं बदला गया तो पिता-पुत्री दोनों की हत्या कर दी जाएगी।थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए बताया कि सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

.jpeg)