महाशिवरात्रि पर श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई से बाबा विश्वेश्वर के लिए पावन भेंट प्रेषित

महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा प्रारंभ किए गए विशेष नवाचार के अंतर्गत विभिन्न प्रमुख तीर्थों से भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के लिए पावन भेंट अर्पित की जा रही है। इसी क्रम में मुंबई स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर से फल, पुष्प एवं अन्य पूजनीय उपहार सामग्री श्रद्धापूर्वक श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचाई गई।श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई से पधारे प्रतिनिधिगण—डॉ. संदीप राठौर (डिप्टी सीईओ), डॉ. मधुसूदन शुक्ल (अध्यक्ष, ट्रस्टी प्रोटोकॉल), डॉ. प्रशांत मनेरिकर (पुजारी) एवं डॉ. शिवम् मिश्र—ने उक्त पावन भेंट को विधिवत रूप से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को सुपुर्द किया। न्यास की ओर से भेंट को समारोहपूर्वक स्वीकार किया गया।

इस अवसर पर डॉ. संदीप राठौर ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, सुव्यवस्थित संचालन और श्रद्धालु-सेवा की सराहना की। उन्होंने महाशिवरात्रि के अवसर पर शुरू किए गए इस नवाचार को भगवान श्री गणेश और परमपिता महादेव के पावन पिता–पुत्र संबंध की आध्यात्मिक अभिव्यक्ति बताते हुए इसे सराहनीय पहल बताया।मंदिर न्यास के अनुसार यह पहल सनातन परंपरा में निहित भगवान श्री गणेश एवं भगवान श्री विश्वेश्वर के शाश्वत संबंध का सशक्त प्रतीक है। इस अवसर ने काशी और श्री सिद्धिविनायक धाम के मध्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक एकात्मता को और सुदृढ़ किया। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक समरसता का भावपूर्ण संगम बना।श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस पावन सहयोग के लिए श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समस्त शिवभक्तों को महाशिवरात्रि की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post