महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हरिश्चंद्र घाट स्थित काशी महा मशान नाथ मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कालू डोम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष बहादुर चौधरी के नेतृत्व में काशी महा मशान नाथ का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया, जिससे पूरा घाट शिवमय वातावरण में डूब गया।मंदिर परिसर को फूल-मालाओं, बेलपत्र, धतूरा और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। विशेष अलंकरण के साथ बाबा का मनोहारी स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा घाट गूंज उठा और भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना, अभिषेक और आरती में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रृंगार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ बाहर से आए भक्त भी शामिल हुए। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं के बीच ठंडाई का वितरण किया गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक ठंडाई ग्रहण कर बाबा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।बहादुर चौधरी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन काशी महा मशान नाथ का विशेष श्रृंगार कराना उनकी वर्षों पुरानी परंपरा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि समाज में भाईचारे, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का भी संचार करता है।कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने देश और समाज की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की। परिवारजनों और भक्तों की सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

.jpeg)