AI समिट विवाद पर सर्किट हाउस के सामने गरमाई सियासत, भाजयुमो ने किया राहुल गांधी का पुतला दहन

दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। इसी क्रम में वाराणसी में राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस के ठीक सामने भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन के दौरान कांग्रेस द्वारा किया गया विरोध देश की छवि को धूमिल करने वाला है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब देश में कई राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी हो, तब इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां उचित नहीं हैं। उनका आरोप है कि राहुल गांधी के इशारे पर जो कुछ हुआ, वह निंदनीय है।

भाजयुमो ने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।प्रदर्शन के दौरान सबसे चर्चित बात यह रही कि कार्यकर्ता सर्किट हाउस के अंदर से ही राहुल गांधी का पुतला लेकर बाहर आए।नियमों के अनुसार सर्किट हाउस परिसर किसी भी राजनीतिक दल के विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित नहीं है। इसके बावजूद मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मूकदर्शक बने दिखाई दिए, जिसको लेकर सवाल उठने लगे हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post