वाराणसी में UGC बिल-2026 के समर्थन में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बीएचयू और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के बाद अब हरिश्चंद्र महाविद्यालय में भी छात्रों ने UGC के समर्थन में जोरदार मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने “जय भीम” और “UGC लागू करो” जैसे नारे लगाए।शनिवार को हरिश्चंद्र महाविद्यालय परिसर से छात्र मार्च निकालते हुए मैदागिन चौराहे की ओर बढ़ने लगे। जैसे ही छात्र कॉलेज गेट से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, मौके पर मौजूद पुलिस और RRF कर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर छात्रों को गेट से बाहर जाने से रोक लिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद आक्रोशित छात्र कॉलेज गेट पर ही धरने पर बैठ गए और वहीं सभा आयोजित की। धरने के दौरान छात्रों ने UGC बिल-2026 को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की। छात्रों का कहना था कि यह बिल उच्च शिक्षा में समानता को बढ़ावा देता है और बहुजन समाज की आवाज है, इसलिए इसका विरोध किया जा रहा है।धरने को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के पूर्व छात्र राहुल कन्नौजिया ने कहा कि सरकार बहुजन समाज के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए UGC बिल लेकर आई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस पर रोक लगाए जाने से छात्रों में निराशा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 19 मार्च को सुप्रीम कोर्ट इस बिल पर ऐतिहासिक फैसला सुनाएगा, जो बहुजन समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगा।UGC बिल-2026 के समर्थन में अब OBC, SC और ST वर्ग के छात्र खुलकर सामने आ गए हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक बिल लागू नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

.jpeg)