स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल की शाखा जगतगंज में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन विद्यालय प्रांगण में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबन्धक बाबा प्रकाशध्यानानंद द्वारा स्वामी जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात कक्षा 12 के विद्यार्थियों का स्वागत कक्षा 11 के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों द्वारा पुष्पवर्षा एवं तिलक लगाकर किया गया।समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12 के चयनित विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया।
शिवम चौबे को मिस्टर फेयरवेल एवं आन्या गुप्ता को मिस फेयरवेल चुना गया। मोस्ट इनोसेंट बॉय का खिताब उमाशंकर महासेठ और मोस्ट इनोसेंट गर्ल का खिताब एकता यादव को दिया गया। मोस्ट डिसिप्लिन्ड बॉय के रूप में साहिल वर्मा एवं मोस्ट डिसिप्लिन्ड गर्ल के रूप में काजल कुमारी महासेठ को सम्मानित किया गया। वहीं ऑल राउंडर गर्ल अनुष्का गुप्ता और मोस्ट स्टूडियस बॉय के रूप में प्रियांशु यादव को पुरस्कृत किया गया।इसके पश्चात कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने कविताओं के माध्यम से विद्यालय और शिक्षकों के प्रति अपने भावनात्मक अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान सीनियर्स के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों की चहल-पहल से पूरा विद्यालय परिसर उत्साह से गूंज उठा।
जूनियर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण विदाई गीत ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया।समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबन्धक महोदय एवं प्रधानाचार्या जी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज आप इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर जीवन की नई यात्रा की ओर अग्रसर हो रहे हैं। हमें गर्व है कि हमने आपको एक बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया है और हमें विश्वास है कि आप सदैव सफलता एवं ईमानदारी के मार्ग का चयन करेंगे।इस अवसर पर विद्यालय की को-ऑर्डिनेटर श्रीमती बीना उपाध्याय, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्र कनिष्क सिंह एवं यश साहू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्र देवदत्त यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया।

.jpeg)
