मेरठ के गंगानगर से सटे रक्षापुरम इलाके में बुधवार सुबह एक रिटायर्ड दरोगा और उनकी पत्नी के शव घर के अंदर एक ही पंखे से अलग-अलग फंदे के सहारे लटके हुए मिले। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह करीब साढ़े 9 बजे घर पर काम करने वाली मेड पहुंची।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और घटनास्थल की गहन जांच की।मृतकों की पहचान चौधरी लल्लू सिंह, जो वर्ष 2020 में दरोगा पद से रिटायर हुए थे, और उनकी पत्नी संतोष के रूप में हुई है। दोनों सेक्टर-4, रक्षापुरम में अकेले रहते थे।
बताया जा रहा है कि दंपती का बेटा संदीप, जो एयरफोर्स से रिटायर है, पिछले एक साल से पत्नी के साथ गंगाधाम कॉलोनी में अलग रह रहा था। जबकि उनकी बेटी की शादी पंजाब में हुई है। पड़ोसियों की सूचना पर बेटा भी मौके पर पहुंचा, जहां पुलिस ने उससे पूछताछ की।स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपती अधिकतर घर के भीतर ही रहते थे और सामाजिक संपर्क काफी सीमित था। शुरुआती जांच में अकेलेपन और मानसिक तनाव को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

.jpeg)