वाराणसी में महाशिवरात्रि और पंचकोस यात्रा के मद्देनज़र वाराणसी में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान जारी किया है। इस दौरान मैदागिन से गोदौलिया मार्ग को पूर्ण रूप से नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने और ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है।अंशुमान मिश्रा (एडीसीपी ट्रैफिक) ने बताया कि धर्मनगरी काशी में महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में बाबा के अभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा पंचकोस यात्रा में भी आसपास के जिलों से हजारों भक्त शामिल होते हैं। भीड़ के दबाव को देखते हुए हर वर्ष की तरह इस बार भी व्यापक ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है।
शहर के अंदर दो चरणों में डायवर्जन व्यवस्था
1. पिपलानी कटरा से मैदागिन मार्ग बंद
पिपलानी कटरा से किसी भी प्रकार के चार पहिया वाहन मैदागिन की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को नाटी इमली की तरफ डायवर्ट कर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
2. विश्वेश्वरगंज तिराहा से रोक
विश्वेश्वरगंज तिराहा से मैदागिन की ओर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें गोलगड्डा की ओर मोड़ा जाएगा।
3. बेनियाबाग तिराहा से रामापुरा मार्ग बंद
बेनियाबाग तिराहा से चार पहिया वाहन रामापुरा की ओर नहीं जा सकेंगे। वाहनों को बेनियाबाग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
4. लक्सा तिराहा से डायवर्जन
लक्सा तिराहा से चार पहिया वाहन रामापुरा की तरफ नहीं जाएंगे। इन्हें गुरूबाग और औरंगाबाद की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दो पहिया वाहन पीडीआर मॉल पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे।
5. रेवड़ी तालाब से रोक
रेवड़ी तालाब से चार पहिया वाहनों को रामापुरा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी असुविधा की स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।महाशिवरात्रि पर सुगम और सुरक्षित दर्शन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
