आध्यात्मिक नगरी वाराणसी के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में 103वां संकट मोचन संगीत समारोह इस वर्ष 6 अप्रैल से 11 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। छह दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित समारोह में देश-विदेश के दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस बार का आयोजन कई मायनों में खास रहेगा। समारोह में 11 पद्म पुरस्कार से सम्मानित कलाकार भाग लेंगे, वहीं 14 मुस्लिम कलाकार भी शास्त्रीय संगीत के माध्यम से भगवान हनुमान की स्तुति करेंगे। यह पहली बार होगा जब इतनी संख्या में मुस्लिम कलाकार इस मंच पर प्रस्तुति देंगे, जो सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देगा।
मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के अनुसार, यह मंच कला और संगीत का है, जहां धर्म और जाति से ऊपर उठकर सभी कलाकारों का स्वागत किया जाता है। उन्होंने कहा कि “यह हनुमान जी का दरबार है, यहां आने वाले कलाकारों की जाति और धर्म नहीं पूछा जाता।” समारोह में करीब 150 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे और कुल दर्जनों प्रस्तुतियां होंगी। लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भजन गायक अनूप जलोटा सहित कई नामी कलाकार इस आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। संकट मोचन संगीत समारोह अपनी समृद्ध परंपरा, भक्ति और शास्त्रीय संगीत के संगम के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है और इसे सांस्कृतिक एकता का प्रतीक माना जाता है।

