श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर वाराणसी में भव्य राम दरबार शोभायात्रा का आयोजन किया गया। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के उपरांत भगवा ध्वज को 500 वर्षों के संघर्ष की विजय का प्रतीक बताते हुए, हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से यह शोभायात्रा निकाली गई।कार्यक्रम का आयोजन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल काशी द्वारा राजन तिवारी के नेतृत्व में किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ ध्वजारोहण, पूजन और शंखनाद के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” और “पवनसुत हनुमान की जय” जैसे जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा औरंगाबाद हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर पुराना पानदरीबा, नया पानदरीबा, काली महल, चेतगंज, नई सड़क और गोदौलिया होते हुए चितरंजन पार्क पहुंची, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया।इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने ‘राम राज्य’ की स्थापना के लिए समाज में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक रमेश, मेयर अशोक तिवारी, शशि भूषण, संतोष सिंह, निखिल त्रिपाठी, नीलमणि सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के आयोजक राजन तिवारी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता और एकता को मजबूत करना है।

