बरेका में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी पर सम्मानपूर्वक विदाई, अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

वाराणसी, 28 मार्च 2026: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार का दिन भावनात्मक माहौल के बीच बीता, जब प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी मिलने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उन्हें पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स में प्रिंसिपल चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव के पद पर नियुक्त किया गया है।प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने श्रीवास्तव को स्मृति-चिह्न के रूप में रेल इंजन का मॉडल भेंट कर उनके योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि श्रीवास्तव की सेवाएं भारतीय रेल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रही हैं और उनके नेतृत्व में बरेका ने उत्पादन, गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।समारोह में उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रीवास्तव के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आईआरएसईई 1988 बैच के अधिकारी  श्रीवास्तव ने 22 जनवरी 1990 को भारतीय रेल में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने गोरखपुर और आगरा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर कई जिम्मेदार पदों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वे डीएफसीसीआईएल में जीजीएम (इलेक्ट्रिक) तथा लखनऊ में डायरेक्टर (पीएस एवं ईएमयू) जैसे पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा तथा उप महाप्रबंधक सागर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।इसके अलावा जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार और कर्मचारी परिषद के सदस्यों सहित अन्य कर्मचारियों ने भी  श्रीवास्तव को भावभीनी विदाई दी।


Post a Comment

Previous Post Next Post