वाराणसी: समाज के आध्यात्मिक, शैक्षिक और स्वास्थ्य विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अर्का धाम द्वारा वाराणसी में अपनी नई शाखा स्थापित करने की घोषणा की गई है। यह परिसर भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और समग्र मानव कल्याण को समर्पित एक बहुआयामी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां आध्यात्म, शिक्षा और सेवा का समन्वय देखने को मिलेगा।प्रस्तावित अर्का धाम वाराणसी परिसर में कई महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना की योजना है। इनमें प्रमुख रूप से गुरुकुल विद्यालय, आयुर्वेदिक अस्पताल, गौशाला, ध्यान एवं योग केंद्र के साथ-साथ श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा के लिए अतिथि गृह (होटल) तथा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विशेष परिसर विकसित किया जाएगा।इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक आवश्यकताओं के साथ जोड़ना है। गुरुकुल प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों को वैदिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक विषयों का भी समन्वित ज्ञान प्रदान किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कारों और समकालीन ज्ञान दोनों से समृद्ध हो सके। वहीं प्रस्तावित आयुर्वेदिक अस्पताल के माध्यम से प्राकृतिक उपचार पद्धतियों द्वारा आम जनमानस को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
परिसर में स्थापित की जाने वाली गौशाला के माध्यम से गौसंवर्धन और जैविक कृषि को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही ध्यान और योग केंद्र लोगों को मानसिक शांति, योगाभ्यास और आध्यात्मिक साधना के लिए एक शांत और पवित्र वातावरण प्रदान करेगा। श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक सुसज्जित अतिथि गृह का भी निर्माण किया जाएगा।अर्का धाम के प्रतिनिधियों के अनुसार यह परियोजना आने वाले समय में आध्यात्मिक पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे और क्षेत्र के सामाजिक-सांस्कृतिक विकास को गति मिलेगी।संस्था ने सभी समाजसेवियों, विद्वानों, भक्तों और जनसामान्य से इस पुण्य कार्य में सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया है, ताकि वाराणसी की पवित्र भूमि पर एक आदर्श आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना का यह संकल्प सफल हो सके।

