स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा लखनऊ में गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान के शंखनाद के समर्थन में बुधवार को काशी के अस्सी घाट पर उनके शिष्यों के साथ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी एकत्र हुए। इस दौरान मां गंगा की पूजा-अर्चना कर शंखनाद किया गया और आंदोलन की सफलता की कामना की गई।शंकराचार्य के शिष्य संजय ने कहा कि वर्तमान समय में देश में हिंदुओं की सरकार होने के बावजूद गौ माता की हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह भारत भूमि गोविंदा की पावन धरती है और यहां गौ माता का रक्त नहीं गिरना चाहिए। इसी उद्देश्य से शंकराचार्य ने गौकशी के विरोध में बड़ा आंदोलन शुरू किया है। उन्होंने बताया कि आज लखनऊ से इस अभियान का शंखनाद किया गया है और काशी में भी समर्थक एकत्र होकर मां गंगा से प्रार्थना कर रहे हैं कि यह आंदोलन सफल हो।
इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पदाधिकारी राघवेंद्र चौबे ने भी शंकराचार्य के अभियान को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ता लखनऊ में भी कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के समर्थन में हैं और इसी भावना से काशी के गंगा घाट पर एकत्र हुए हैं।राघवेंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि सरकार शंकराचार्य के कार्यक्रम को लेकर विभिन्न नियमों का हवाला देकर इसे रोकने का प्रयास कर रही है, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण के मुद्दे पर समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट होना चाहिए।

