चंद्र ग्रहण के कारण बदला होलिका दहन का समय, देर रात हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ हुआ दहन

इस वर्ष होली पर्व पर लगने वाले चंद्र ग्रहण के कारण होलिका दहन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए अधिकांश स्थानों पर सोमवार देर रात “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ होलिका दहन किया गया।नगर के कई संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों में तय समय के अनुसार उत्साहपूर्वक होलिका दहन संपन्न हुआ। चौक क्षेत्र में भी देर रात विधि-विधान से होलिका दहन किया गया, जहां बबलू गुरु द्वारा पूजन संपन्न कराया गया। जैसे ही होलिका में अग्नि प्रज्ज्वलित हुई, जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिष्ठान वितरित कर खुशियां साझा कीं।

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। नगर के विभिन्न स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी शरारती तत्व पर नजर रखी जा सके। पुलिस की मौजूदगी में अधिकांश स्थानों पर होलिका दहन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।वहीं, नगर के कुछ क्षेत्रों में ज्योतिषीय गणना के अनुसार मंगलवार की भोर में होलिका दहन किया जाएगा। कुल मिलाकर चंद्र ग्रहण के प्रभाव के बावजूद श्रद्धा, उत्साह और सुरक्षा के बीच होलिका दहन का पर्व संपन्न हुआ।



Post a Comment

Previous Post Next Post