शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में गैस एजेंसियों और दुकानों पर सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं कई दुकानों पर सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दे रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति अनियमित हो गई है। जिन लोगों ने पहले से बुकिंग कराई हुई है, उन्हें भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे खासकर उन परिवारों को अधिक परेशानी हो रही है जिनके घरों में गैस खत्म हो चुकी है। कई उपभोक्ता गैस एजेंसियों और दुकानों के चक्कर लगाते नजर आए, लेकिन पर्याप्त स्टॉक न होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो रसोई चलाना मुश्किल हो जाएगा। कई लोगों ने प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसियों से मांग की है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए और गैस की आपूर्ति सामान्य की जाए।फिलहाल गैस सिलेंडर की कमी से शहर के कई इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और लोग जल्द समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

