चितईपुर में चोरी का सफल खुलासा, अभियुक्ता गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत चितईपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही लाखों रुपये के चोरी किए गए जेवर भी बरामद किए गए हैं।पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त व सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी चितईपुर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

घटना का विवरण:

दिनांक 26 मार्च 2026 को करौंदी निवासी अच्छेलाल पुत्र खुनखुन पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर की चाभी चोरी कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए गए हैं। इस संबंध में थाना चितईपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।


जांच और गिरफ्तारी:

विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान कुमारी सृजन उर्फ गुड्डन, निवासी मीरापुर बसही, थाना शिवपुर के रूप में की। पुलिस टीम ने 30 मार्च 2026 को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा:

पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि उसने अपनी बहन के कहने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने बताया कि चोरी किए गए कुछ आभूषण घर के पास खाली प्लॉट की झाड़ियों में छिपा दिए थे, जबकि कुछ जेवर गिरवी रखकर उसने करीब ₹1.50 लाख का गोल्ड लोन लिया था।

बरामदगी:

अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से आभूषण बरामद किए तथा संबंधित फाइनेंस कंपनी से भी झुमका, अंगूठियां और कान के कुंडल बरामद किए। सभी बरामद सामान को विधिवत सील कर मालखाने में जमा करा दिया गया है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी वैधानिक और मानवाधिकार संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post