14–15 मार्च को होगी यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा, 40 केंद्रों पर 77 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जनपद में कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 77 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा चार पालियों में संपन्न कराई जाएगी।जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की है। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, जो परीक्षा की पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सभी 40 परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, ताकि परीक्षा की निगरानी लगातार कीसके और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।प्रशासन के अनुसार इस परीक्षा में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी वाराणसी पहुंचेंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन के आसपास, बस स्टैंड और रैन बसेरों में ठहरने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है, और हर स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post