यूपी पुलिस में इस वर्ष 1 लाख भर्ती, सीएम योगी ने 936 अभ्यर्थियों को दिए नियुक्ति पत्र

योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में इस वर्ष लगभग एक लाख नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि योग्य और सक्षम युवाओं को पुलिस बल में शामिल होने के लिए पारदर्शी अवसर दिए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 चयनित प्रधान परिचालकों/प्रधान परिचालकों (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मंच पर 10 अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

निष्पक्ष भर्ती पर जोर

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया है। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों से अपील की कि वे ईमानदारी और साफ नीयत के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत या सामाजिक अहंकार उससे ऊपर नहीं हो सकता।

पहले भर्तियों में होती थी अनियमितता

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले भर्ती प्रक्रिया में लेन-देन और भेदभाव की शिकायतें आम थीं, लेकिन अब व्यवस्था पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केवल योग्यता और आरक्षण नियमों के आधार पर चयन किया जा रहा है।


9 वर्षों में 2.20 लाख से अधिक भर्ती

सीएम योगी ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस में 2.20 लाख से अधिक कार्मिकों की भर्ती की जा चुकी है। हाल ही में 60 हजार आरक्षियों की पासिंग आउट परेड भी आयोजित की गई, जो अब विभिन्न जनपदों में तैनात होंगे।

प्रशिक्षण और सुविधाओं में सुधार

उन्होंने कहा कि पहले प्रशिक्षण की सीमित व्यवस्था थी, लेकिन अब बड़े स्तर पर ट्रेनिंग की सुविधा उपलब्ध है। वर्ष 2025 में एक साथ 60 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस बल के लिए आवास, बैरक, मॉडल थाने और फायर स्टेशन जैसी सुविधाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।


अर्थव्यवस्था में योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत होने से निवेश बढ़ता है और इस प्रकार पुलिस अप्रत्यक्ष रूप से देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

फिटनेस और तकनीकी दक्षता पर जोर

नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए सीएम ने शारीरिक और मानसिक फिटनेस बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दूरसंचार विभाग आधुनिक पुलिसिंग का अहम हिस्सा है और आने वाले समय में इसकी भूमिका और महत्वपूर्ण होगी।में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नवचयनित अभ्यर्थी सम्मानित

कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए 10 नवचयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ, जिसे उन्होंने गर्व का क्षण बताया।


Post a Comment

Previous Post Next Post