हनुमान जयंती पर कोनियां से संकट मोचन तक निकली भव्य ध्वजायात्रा

चैत्र पूर्णिमा एवं हनुमान जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार को श्री हनुमत् सेवा समिति के तत्वावधान में कोनियां स्थित श्री मातावारी मंदिर से श्री संकट मोचन मंदिर तक भव्य श्री हनुमान ध्वजायात्रा निकाली गई। प्रातः 6 बजे श्री रामलला और श्री हनुमान जी की आरती के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ।ध्वजायात्रा में श्रीराम और हनुमान जी की प्रतिकृति मूर्तियों की आकर्षक झांकियां, विशाल कटआउट और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान भक्तों ने रामनाम संकीर्तन, “जय श्रीराम”, “हर-हर महादेव” और “जय बजरंगी” जैसे जयकारों से पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।

यात्रा का मुख्य आकर्षण 51 डमरुओं के साथ भव्य आरती और नारी शक्ति को समर्पित नारी वाहिनी द्वारा डंडा व तलवार प्रदर्शन रहा, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।ध्वजायात्रा का संचालन कोनियां शाखा के अध्यक्ष ओम प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में प्रेमचंद मौर्य, सोनू गुप्ता, हिमांशु विश्वकर्मा, अप्पू विश्वकर्मा और किशन विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।



Post a Comment

Previous Post Next Post