पुलिसकर्मियों की आवासीय समस्याओं के समाधान की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वाराणसी के पुलिस लाइन परिसर में एक आधुनिक मल्टी-स्टोरी आवासीय परियोजना का निर्माण तेजी से जारी है, जिसमें पुलिसकर्मियों को 2BHK फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे।यह परियोजना पुलिस बल के जीवन स्तर को सुधारने और उनके परिवारों को सुरक्षित व सुविधाजनक आवास प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। वर्तमान में पर्याप्त आवासीय सुविधाओं के अभाव में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस योजना के तहत भूतल सहित 11 मंजिल की इमारत में कुल 192 टाइप-2 (2BHK) फ्लैट बनाए जा रहे हैं।
लगभग 2674.64 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही यह परियोजना पुलिसकर्मियों की आवासीय जरूरतों को काफी हद तक पूरा करेगी।करीब 22,836 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस आवासीय परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। परियोजना में 192 वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था, जल आपूर्ति के लिए स्वयं का ट्यूबवेल, और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हरियाली का विकास किया जाएगा।इसके साथ ही स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए परिसर में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) भी स्थापित किया जाएगा, जिससे अपशिष्ट जल का पुनः उपयोग संभव हो सकेगा।पुलिस आयुक्त के अनुसार, बेहतर आवास, सुरक्षित वातावरण और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, जिसका सीधा असर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा।यह पहल न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

