वाराणसी में महिला गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, श्रद्धालुओं से ठगी करने वाली 10 महिलाएं गिरफ्तार

धार्मिक नगरी वाराणसी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर सिगरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय महिला गैंग का भंडाफोड़ किया गया है।जानकारी के अनुसार, कैंट रेलवे स्टेशन वाराणसी के आसपास यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। गिरोह की महिलाएं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बहाने से रोककर भावनात्मक कहानियां सुनाती थीं और उनसे पैसे ठग लेती थीं। विरोध करने पर कई बार ये महिलाएं अभद्रता और मारपीट पर भी उतारू हो जाती थीं, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया था।

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कैंट रेलवे स्टेशन के पास से 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता और यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की इस पहल की सराहना की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post