विश्व पार्किन्सन दिवस पर बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

वाराणसी, 11 अप्रैल 2026:बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में विश्व पार्किन्सन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० देवेश कुमार के नेतृत्व में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डा० देवेश कुमार ने इस वर्ष के विश्व पार्किन्सन दिवस की थीम “देखभाल की कमी को दूर करना” पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पार्किन्सन एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसमें व्यक्ति की चाल, संतुलन और समन्वय प्रभावित हो जाता है। इसके लक्षणों में शरीर में कंपन, अकड़न, बोलने और सीखने की क्षमता में बदलाव शामिल हैं, जिससे दुर्घटनाओं और हड्डियों में फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने नियमित व्यायाम, पौष्टिक आहार और समय पर उपचार पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डा० विजय सिंह दुर्गा प्रसाद ने हड्डियों की मजबूती और उपचार पर व्याख्यान दिया। वहीं मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से आए वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डा० अभिनव कुमार ने रोबोटिक सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर जानकारी दी और वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी समस्याओं का समाधान किया।कार्यक्रम में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डा० मधुलिका सिंह, अस्थि रोग विशेषज्ञ डा० अमित गुप्ता, डा० गौरव सिंह और डा० अभिषेक ने भी बेहतर जीवनशैली और स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य नर्सिंग सुपरिटेंडेंट कमला श्रीनिवासन सहित चिकित्सालय के नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


Post a Comment

Previous Post Next Post