वाराणसी में ट्रैफिक पर सख्ती: ‘यातायात जाम में कमी’ योजना के तहत 799 वाहनों का चालान, 74 सीज

शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए चल रही ‘यातायात जाम में कमी’ (RTC) योजना के तहत पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शहर के प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर ही कई अहम निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान लहुराबीर से चेतगंज, बेनियाबाग, नई सड़क, रामापुरा, गोदौलिया, मदनपुरा, सोनारपुरा, अस्सी और लंका चौराहे तक ट्रैफिक संचालन की स्थिति को परखा गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 799 वाहनों का चालान किया गया, 74 वाहन सीज किए गए और करीब ₹15,94,000 का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही 8 मामलों में अभियोग भी दर्ज किए गए।

पुलिस आयुक्त ने अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल हटाने और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़क पर ठेला-खुमचा लगाकर जाम की स्थिति पैदा करने वालों और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।पुलिस का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post