शहर में अधिवक्ताओं के बीच विवाद गहराता जा रहा है। बनारस बार के महामंत्री सुधांशु मिश्रा द्वारा रजिस्टर्ड अधिवक्ताओं को कथित रूप से अपमानित करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के विरोध में अधिवक्ताओं ने सोमवार को जिला अधिकारी (डीएम) कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।धरने पर बैठे अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी ठोस जांच के “फर्जी अधिवक्ता” बताकर अपमानित किया गया, जो कि बेहद निंदनीय है। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का कहना था कि बनारस बार के महामंत्री द्वारा रजिस्टर्ड अधिवक्ताओं के खिलाफ साजिशन फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कैंट थाने के एसएचओ शिवाकांत मिश्रा ने बिना निष्पक्ष जांच किए ही महामंत्री के प्रभाव में आकर मुकदमा दर्ज कर लिया। इसे लेकर अधिवक्ताओं में भारी रोष देखने को मिला।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रजिस्टर्ड अधिवक्ताओं को फर्जी बताकर अपमानित किए जाने पर जवाब दिया जाए, दर्ज किए गए मुकदमे को तत्काल वापस लिया जाए, बनारस बार के महामंत्री सुधांशु मिश्रा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, कैंट थाना एसएचओ के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

