भदैनी घाट पर मंगलवार की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां प्रेमी द्वारा थप्पड़ मारे जाने से आहत एक युवती ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद नाविकों की सूझबूझ और तत्परता से उसकी जान बच गई।बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे एक युवक और युवती घाट की सीढ़ियों पर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने युवती को थप्पड़ मार दिया। इस घटना से आहत युवती अचानक उठी और गंगा नदी की ओर बढ़ते हुए छलांग लगा दी।
घटना को देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर पास में मौजूद नाविक तुरंत सक्रिय हुए और बिना समय गंवाए नदी में कूद गए। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती काफी घबराई हुई थी, लेकिन कुछ देर बाद उसने खुद को संभाल लिया। घटना के बाद युवक और युवती दोनों मौके से चले गए, जिससे विवाद की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन ने युवती के परिजनों से संपर्क किया है। परिजनों का कहना है कि युवती पहले से मानसिक तनाव में थी और यह घटना उसके लिए एक बड़ा झटका साबित हुई।

