वाराणसी में रेलवे ट्रैक पर मिला AK-47, मचा हड़कंप; CRPF जवान का निकला हथियार

वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र में स्थित सरैया रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक AK-47 राइफल पड़ी मिली। एक स्थानीय युवक ने ट्रैक के किनारे संदिग्ध हथियार देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार बरामद AK-47 की मैगजीन गोलियों से भरी हुई थी, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह हथियार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान का है। जानकारी के मुताबिक CRPF की एक टुकड़ी ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल में चुनावी ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान यह हथियार किसी तरह ट्रेन से नीचे गिर गया।

पुलिस की कार्रवाई:

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई। मौके पर डीसीपी काशी, एडीसीपी और एसीपी चेतगंज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क कर मामले में समन्वय स्थापित किया।जांच के दौरान पता चला कि जिस ट्रेन से CRPF के जवान सफर कर रहे थे, वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर खड़ी थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित CRPF टुकड़ी के कमांडर से संपर्क किया। पूछताछ में पुष्टि हुई कि एक जवान का AK-47 रास्ते में गिर गया था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी थी।हथियार सौंपा गया:आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद बरामद AK-47 राइफल को CRPF टुकड़ी के कमांडर के सुपुर्द कर दिया गया।सुरक्षा पर उठे सवाल:इस घटना के बाद सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं। इतना संवेदनशील हथियार ट्रेन से कैसे गिर गया और जवानों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हो सकी, यह जांच का विषय बना हुआ है।:पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। देर शाम तक किसी अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post